
सऊदी अरब में शनिवार से शुरू होगा पाक महीना ‘रमजान’
नई दिल्ली ( न्यूज डेक्स)। चांद दिखने के साथ ही मुकद्दस महीना रमजान शुरू हो जाएगा। फिलहाल खबर है कि सऊदी अरब में रमजान का पाक महीना शनिवार से शुरू होगा। इस हिसाब से देखें तो हिन्दुस्तान में पहला रोजा 28 मई से रखा जाएगा।
इस बार पहला रोजा ही 15 घंटे लंबा होगा। रमजान नौवां महीना है। ये बरकतों और फजीलतों का महीना है। इसी माह-ए-मुबारक में आसमानी किताब कुरआन नाजिÞल हुई थी।
तौरेत, जुबूर, इंजील और दूसरी आसमानी किताबें भी इसी माह-ए-मुबारक में उतारी गईं। रमजान महीने का कुरान-ए-मुकददस से गहरा रिश्ता है।
हदीस शरीफ में है कि रमजान में ही हजरत मोहम्मद मुस्तफा सल्लललाहो अलैहे वसल्लम अपने सहाबियों के साथ कुरआन-ए-पाक का दौर (एक-दूसरे को कुरआन सुनाना) किया करते थे।
माना जाता है कि रमजान के पाक महीने में जन्नत के दरवाजे खोल दिए जाते हैं। इसलिए इस माह में किए गए अच्छे कामों का सवाब कई गुना ज्यादा बढ़ जाता है और ऊपर वाला अपने बंदों के अच्छे कामों पर नजर करता है। उनसे खुश होता है।
कहते हैं कि माहे रमजान में दोजख यानी नर्क के दरवाजे बंद कर दिए जाते हैं। रमजान में अल्लाह से अपने सभी गुनाहों की माफी मांगी जाती है। महीने भर तौबा के साथ इबादतें की जाती हैं और माहे रमजान में नफिल नमाजों का सवाब फर्ज के बराबर माना जाता है। साथ ही फर्ज़ नमाजों का सवाब बढ़ जाता है।